


नवगछिया बस स्टैंड स्थित सुंदरम रेस्टोरेंट के समीप स्वामी आगमानंद जी महाराज के निर्देश पर “सेवा श्री” सामाजिक संस्थान द्वारा प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाला महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम श्रद्धा एवं सेवा भावना के साथ संपन्न हुआ। शनिवार की संध्या आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं और राहगीरों के बीच महाप्रसाद स्वरूप खिचड़ी का वितरण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जीएस न्यूज़ के 1200वें अंक के सफल प्रकाशन के उपलक्ष्य में आमंत्रित मुख्य अतिथि एवं जीएस न्यूज़ टीम के संरक्षक अधिवक्ता अजीत पांडे ने विधिवत किया। मौके पर संपादक बरुण बाबुल भी उपस्थित थे । उन्होंने सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे, सेवा और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ के अनन्य भक्त कन्हैया बम भी उपस्थित रहे। सावन माह में लगातार डाक बम के रूप में जलाभिषेक करने वाले कन्हैया बम ने स्वयं श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण कर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।
सेवा श्री सामाजिक संस्थान के सदस्यों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं तक नि:स्वार्थ सेवा पहुंचाना है। प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाले इस महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेवा श्री के डॉ. दीपक कुमार, श्रीजी सुंदरम, मोनू कुमार, मदन शर्मा, संजय कुमार सहित संस्थान के अनेक सदस्यों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का वातावरण बना रहा।
















