5
(2)

24 घंटे कांवरियों की सेवा में जुटे हैं स्वयंसेवक, भोजन से लेकर चिकित्सा तक की नि:शुल्क व्यवस्था

बरुण बाबुल

नवगछिया / बांका । श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा के लिए बेलहर प्रखंड के जयनगर जोड़ीपार (बमकाली मंदिर के समीप) स्थित महाकाल बोल बम सेवा समिति द्वारा संचालित निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत का केंद्र बना हुआ है। 30 जुलाई से प्रारंभ होकर 25 अगस्त तक चलने वाले इस सेवा शिविर में दिन-रात सेवा का क्रम जारी है। यहां प्रतिदिन हजारों कांवरिया भोजन, विश्राम, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी यात्रा आगे बढ़ा रहे हैं।

श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समिति ने व्यापक व्यवस्था की है। शिविर में 24 घंटे शुद्ध भोजन, नाश्ता, फलाहार, चाय, दूध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विश्राम के लिए विशाल पंडाल, चिकित्सकीय सुविधा, प्राथमिक उपचार, चिकित्सकों की टीम, स्नान एवं शौचालय, 24 घंटे बिजली, पंखा तथा मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। लंबी पैदल यात्रा से थके हुए श्रद्धालुओं के लिए यह शिविर राहत और नई ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा शिविर में किसी भी श्रद्धालु के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता। बाबा बैद्यनाथ के प्रत्येक भक्त की सेवा को भगवान शिव की आराधना मानते हुए स्वयंसेवक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। दिन और रात अलग-अलग टीमों में कार्यकर्ता तैनात रहते हैं, ताकि किसी भी समय आने वाले कांवरियों को तत्काल सेवा मिल सके।

समिति के अनुसार वर्षों से संचालित यह सेवा शिविर अब कांवर पथ की पहचान बन चुका है। श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां रुककर भोजन ग्रहण करते हैं, विश्राम करते हैं और चिकित्सा सुविधा का लाभ लेकर अपनी यात्रा आगे बढ़ाते हैं। कई श्रद्धालु हर वर्ष इस शिविर में अवश्य रुकते हैं और समिति की व्यवस्थाओं की सराहना करते हैं।

समिति के अध्यक्ष सह संस्थापक अवधेश जायसवाल ने बताया कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। बाबा बैद्यनाथ के भक्तों की सेवा करना ही समिति का मुख्य उद्देश्य है और इसी भावना से सभी सदस्य बिना किसी स्वार्थ के सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला की समाप्ति तक सेवा का यह क्रम लगातार जारी रहेगा।

सेवा शिविर के सफल संचालन में समिति के सचिव टिंकू जायसवाल, महासचिव मनोज सिंह, कोषाध्यक्ष संजय कुमार, संदीप सिंह, रोहित चौधरी, अमिताभ जायसवाल, सुमन जायसवाल, अजीत जायसवाल, सुमन कसेरा, महेश गुप्ता, मदनलाल भगत, रूपेश साव, प्रवीण जायसवाल, संतोष जायसवाल, अरविंद जायसवाल, गोपाल जायसवाल, सचिन जायसवाल, डॉ. एन. के., डॉ. अमन, महेंद्र जायसवाल, डॉ. चंदन, राकेश झा, पिंकू चौधरी, पिंटू यादुका, शिव शक्ति समीर, बृजेश कुमार, कन्हैया बम, राजीव जायसवाल, धीरज जायसवाल, कुंदन जायसवाल, अजय माझी, दीपक दास, रमन जी एवं मृत्युंजय जी सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

वहीं समिति के संरक्षक शिवनारायण जायसवाल, सजन चौधरी, मदन जायसवाल, प्रीतम चिरानिया, रंजीत पूर्वे, हैप्पी चौरसिया, सोनू सिंह, दीपक दास, विकास गुप्ता एवं विजय सिंह भी शिविर के संचालन एवं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते हुए सेवा कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

श्रावणी मेला में आस्था, सेवा और समर्पण का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत कर रहा महाकाल बोल बम सेवा समिति का यह निःशुल्क सेवा शिविर न केवल कांवरियों को राहत प्रदान कर रहा है, बल्कि मानव सेवा के माध्यम से समाज के सामने एक प्रेरणादायी मिसाल भी कायम कर रहा है। कांवर पथ से गुजरने वाले श्रद्धालुओं के बीच यह शिविर अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, आत्मीय व्यवहार और निस्वार्थ सेवा भाव के कारण विशेष पहचान बना चुका है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: