


नवगछिया। खेल-खेल में मुंह में 5 रुपये का सिक्का रखना एक किशोर के लिए भारी पड़ गया। सिक्का अचानक गले में फंस जाने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना श्रीपुर गांव की है। घायल किशोर की पहचान सूरज कुमार (14 वर्ष), पिता शंभू सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि सूरज खेलते समय 5 रुपये का सिक्का मुंह में रखकर खेल रहा था। इसी दौरान सिक्का अचानक उसके गले में फंस गया, जिससे उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी।
घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल उसे अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया।
चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों और किशोरों को सिक्के, कंचे, बैटरी या अन्य छोटी वस्तुओं से खेलने या उन्हें मुंह में रखने से रोकें, क्योंकि ऐसी लापरवाही गंभीर और जानलेवा हादसे का कारण बन सकती है।
















