


राधोपुर विषहरी स्थान के पास पुलिस ने दबोचा, देशी कट्टा और 15 जिंदा कारतूस बरामद
नवगछिया। परबत्ता थाना पुलिस ने हत्याकांड में फरार चल रहे एक आरोपित को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के जयमंगल टोला निवासी प्रमोद मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार प्रमोद मंडल संदीप कुमार हत्याकांड में फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि परबत्ता थाना क्षेत्र के राधोपुर विषहरी स्थान के समीप एक व्यक्ति हथियार लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने राधोपुर विषहरी स्थान के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे प्रमोद मंडल को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामले में परबत्ता थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अवैध हथियार रखने और बरामदगी के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के आपराधिक इतिहास और हत्याकांड में उसकी भूमिका के संबंध में भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रमोद मंडल संदीप कुमार हत्याकांड में फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पुलिस ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
















