


स्पर संख्या-7 पर 30.86 मीटर दर्ज हुआ जलस्तर, जल संसाधन विभाग ने तटबंध को बताया सुरक्षित
नवगछिया । इस्माईलपुर-बिंदटोली क्षेत्र में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी है। जलस्तर बढ़ने से तटबंध की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ी हुई है। इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध के स्पर संख्या-7 पर बुधवार को गंगा का जलस्तर 30.86 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि जल संसाधन विभाग ने फिलहाल तटबंध को पूरी तरह सुरक्षित बताया है और कहा है कि तटबंध पर पानी का दबाव कम है।

गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध पर निगरानी बढ़ा दी गई है। जल संसाधन विभाग के अभियंता तटबंध के विभिन्न हिस्सों और संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार नजर रख रहे हैं। विभाग की टीम जलस्तर में हो रही वृद्धि के साथ तटबंध की स्थिति की भी निगरानी कर रही है, ताकि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के अनुसार फिलहाल तटबंध की स्थिति सामान्य है और कहीं से भी किसी प्रकार की गंभीर समस्या की सूचना नहीं है। अभियंताओं ने बताया कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि के बावजूद तटबंध पर पानी का दबाव कम है। विभाग की ओर से तटबंध को सुरक्षित रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। स्थानीय स्तर पर भी लोगों को जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
















