


स्पर संख्या-7 पर जलस्तर 31.04 मीटर दर्ज, तटबंध की सुरक्षा के लिए सामग्री का भंडारण
नवगछिया । गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण इस्माइलपुर-बिंदटोली क्षेत्र में नदी का पानी चेतावनी स्तर के पार पहुंच गया है। इस्माइलपुर-बिंदटोली तटबंध के स्पर संख्या-7 पर गुरुवार को गंगा का जलस्तर 31.04 मीटर दर्ज किया गया। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण तटबंध से सटे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों में बाढ़ की आशंका को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।
बताया गया कि पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 18 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण तटबंध के आसपास के निचले क्षेत्रों पर भी लोगों की नजर बनी हुई है। नदी का पानी लगातार बढ़ने से तटबंध के समीप रहने वाले ग्रामीण संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर सतर्क हो गए हैं।

हालांकि नवगछिया बाढ़ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता इंजीनियर गौतम कुमार ने स्थिति को सामान्य बताया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है और किसी तरह की चिंता की स्थिति नहीं है। विभाग की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तटबंध पर फ्लड फाइटिंग कार्य में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री का भी भंडारण कर दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल बचाव और सुरक्षात्मक कार्य शुरू किया जा सके। जलस्तर में हो रही वृद्धि को देखते हुए विभागीय स्तर पर निगरानी जारी है।
















