


बेटी के जन्म पर पौधरोपण की परंपरा की सराहना, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर जताई नाराजगी
नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड के आदर्श ग्राम धरहरा में प्रखंड स्तरीय एनडीए कार्यकर्ता बैठक सह जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गोपालपुर विधानसभा के स्थानीय विधायक सह ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल शामिल हुए। एनडीए कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने मंत्री का स्वागत और सम्मान किया। इसके बाद मंत्री ने कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से संवाद करते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

जनसंवाद को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि सभ्य, बेहतर और विकसित समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को सामाजिक कार्यों में आगे आकर सकारात्मक भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच और सक्रिय भागीदारी से समाज में बदलाव लाया जा सकता है।
बेटी के जन्म पर पौधा लगाने की परंपरा की सराहना
मंत्री ने धरहरा गांव में बेटी के जन्म पर फलदार पौधा लगाने की परंपरा की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को सकारात्मक संदेश भी देती है। बेटी के जन्म को पौधरोपण से जोड़ना प्रकृति और समाज दोनों के प्रति जिम्मेदारी का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी धरहरा गांव में कई बार आ चुके हैं, जो ग्रामीणों के लिए गौरव की बात है। मंत्री ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर जताई नाराजगी
कार्यक्रम के दौरान मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को लेकर ऊर्जा मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह के अवैध काम में शामिल लोग समाज और अपने परिवार दोनों के लिए घातक हैं। उन्होंने कहा कि गलत तरीके से कमाया गया पैसा किसी परिवार का भविष्य सुरक्षित नहीं कर सकता। अवैध तरीके से अर्जित धन से बनाया गया घर भी अंततः परिवार को बर्बादी की ओर ले जा सकता है।
ग्रामीणों ने मंत्री के सामने रखीं क्षेत्र की समस्याएं
जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को मंत्री के सामने रखा। जदयू नेता प्रमोद चौबे ने प्रखंड स्तरीय विकास कमेटी के गठन की मांग रखी। भाजपा के वरिष्ठ नेता नितेंद्र सिंह उर्फ गुलाब सिंह ने क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की आवश्यकता का मुद्दा उठाया।
वहीं, मुखिया विजय सिंह ने क्षेत्र को बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थायी समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।
कार्यक्रम में मुखिया प्रतिनिधि अजय चौधरी, अमित चौधरी उर्फ धप्पू, अमर यादव, गोपाल सिंह, अखिलेश सिंह, भाजपा नेता सुबोद सिंह कुशवाहा, रोशन सिंह, बमबम कुमार, गुलशन मंडल, साकेत बिहारी सहित कई गणमान्य लोग एवं एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















