


नवगछिया। प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) रोहित कर्दम का तबादला कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 2023 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी रोहित कर्दम को नवगछिया एसडीओ के पद से स्थानांतरित करते हुए कैमूर जिले में उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद के पद पर पदस्थापित किया गया है। उन्हें अगले आदेश तक नई जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया है।

रोहित कर्दम ने जनवरी 2026 में नवगछिया एसडीओ के रूप में योगदान दिया था। कार्यकाल के दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था के साथ जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, अतिक्रमण और यातायात जैसी स्थानीय समस्याओं को लेकर सक्रियता दिखाई थी।
तबादले के बाद अब नवगछिया अनुमंडल को नए एसडीओ की पदस्थापना का इंतजार था। इसी बीच बिहार सरकार ने आईएएस अधिकारी के. परीक्षित को नवगछिया का नया अनुमंडल पदाधिकारी नियुक्त किया है। व्यावसायिक प्रशिक्षण चरण-II पूरा होने के बाद उन्हें 21 अगस्त 2026 को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी से विरमित किया गया है।

सरकार के आदेश के अनुसार के. परीक्षित को अगले आदेश तक अनुमंडल पदाधिकारी, नवगछिया, भागलपुर के पद पर पदस्थापित किया गया है।
कैमूर में संभालेंगे विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
नई पदस्थापना में रोहित कर्दम को कैमूर जिला परिषद के उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। इस पद पर उन्हें जिला परिषद से जुड़ी विकास योजनाओं, उनके क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों की निगरानी करनी होगी। नवगछिया से कैमूर स्थानांतरण को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।
आदेश के अनुसार रोहित कर्दम, भा.प्र.से. (2023) को अनुमंडल पदाधिकारी, नवगछिया, भागलपुर के पद से स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, कैमूर, भभुआ के पद पर पदस्थापित किया गया है।















