


बच्चों से महिलाओं तक ने संभाला मोर्चा
@ चार किलोमीटर तक निकली जागरूकता रैली, किशोरों को नशा छोड़ने की दिलाई शपथ।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। कहलगांव अनुमंडल के घोघा थाना क्षेत्र का जानीडीह पंचायत रविवार की देर शाम एक अलग तस्वीर पेश कर रहा था। हाथों में जागरूकता का संदेश और जुबां पर ब्राउन शुगर के खिलाफ आवाज – गांव की महिलाएं, स्कूली बच्चे और ग्रामीण एक साथ सड़क पर उतर आए। मौका था सूखा नशा ब्राउन शुगर (BS) के खिलाफ जागरूकता अभियान का।
जानीडीह पंचायत के कुलकुलिया गांव से शुरू हुई यह रैली करीब चार किलोमीटर का सफर तय करते हुए घोघा थाना पहुंची। रैली का नेतृत्व जानीडीह ग्राम कचहरी की सरपंच लवली भूषण ने किया। खास बात यह रही कि अभियान केवल विरोध तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नशे की चपेट में आए किशोरों को मुख्यधारा में वापस लाने की पहल भी दिखाई दी।

विरोध के साथ सुधार की कोशिश:
रैली के दौरान महिलाओं ने ब्राउन शुगर का सेवन करने वाले आधा दर्जन से अधिक किशोरों को चिन्हित कर उन्हें अपने साथ रैली में शामिल किया। किशोरों को नशे के दुष्परिणाम समझाए गए और उनसे बातचीत कर आदत छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद उन्हें ब्राउन शुगर का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई। अभियान में शामिल महिलाओं का कहना था कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कार्रवाई से नहीं, बल्कि जागरूकता, परिवार के सहयोग और समय पर सही मार्गदर्शन से भी जीती जा सकती है।
विक्रेताओं को गांव से दूर रहने की चेतावनी:
रैली के साथ चल रहे धावादल और ग्राम रक्षा दल ने ब्राउन शुगर के कथित विक्रेताओं को भी कड़ा संदेश दिया। सदस्यों ने चेतावनी दी कि गांव में सूखा नशा की बिक्री बंद करें, अन्यथा उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना पूरे समाज की जिम्मेदारी है और इसके लिए गांव स्तर पर सामूहिक प्रयास जारी रहना चाहिए।

थाने पहुंचकर मांगा पुलिस का सहयोग:
चार किलोमीटर की रैली के बाद ग्रामीण घोघा थाना पहुंचे और थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार से मुलाकात की। ग्रामीणों ने क्षेत्र में ब्राउन शुगर की बिक्री और सेवन पर प्रभावी कार्रवाई के लिए कानूनी सहयोग की मांग की। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
बच्चों ने भी दिया नशामुक्ति का संदेश:
अभियान को स्थानीय शिक्षण संस्थानों का भी समर्थन मिला। एसजी पाठशाला, साइंस पार्क सहित कई शिक्षण संस्थानों के संचालक और छात्र रैली में शामिल हुए। स्कूली बच्चों की मौजूदगी ने अभियान को नई ऊर्जा दी और यह संदेश दिया कि नशे के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत नई पीढ़ी को जागरूक करने से ही होगी।
मौके पर शिक्षा प्रेमी चंदन कुमार, लालजी प्रसाद, सुनील मंडल, शंभू मंडल, राजेश मंडल, समाजसेवी फणीभूषण सिंह, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
















