


भाकपा माले की पांच सदस्यीय टीम ने घटनास्थल का लिया जायजा, कटाव निरोधी कार्य में लापरवाही का लगाया आरोप
नवगछिया । खरीक प्रखंड के राघोपुर गंगा क्षेत्र में कटाव निरोधी कार्य में लगी नाव दुर्घटनाग्रस्त होकर गंगा में डूब गई। हादसे में दो मजदूरों के डूबने की बात सामने आई है। दोनों मजदूरों के शव अब तक बरामद नहीं हो सके हैं। घटना के बाद भाकपा माले की पांच सदस्यीय जांच टीम ने गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

भाकपा माले के जिला सचिव कॉमरेड महेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने राघोपुर गंगा क्षेत्र में कटाव की स्थिति और चल रहे कटाव निरोधी कार्य का निरीक्षण किया। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना की जानकारी भी ली।
महेश प्रसाद यादव ने कहा कि कटाव स्थल पर गंगा के पानी का दबाव काफी अधिक है। उफनती गंगा की तेज धारा के मुकाबले कटाव निरोधी कार्य नाकाफी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि स्थिति पर तत्काल नियंत्रण नहीं पाया गया तो शंकरपुर और अलालपुर गांव के अस्तित्व पर खतरा पैदा हो सकता है। इसके साथ ही विक्रमशिला सेतु की सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई।
मजबूत संसाधनों से कटाव रोकने की मांग
माले नेता ने सरकार से बड़ी आबादी और विक्रमशिला सेतु को सुरक्षित रखने के लिए मुकम्मल व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल बालू की बोरियों के भरोसे कटाव रोकने की कोशिश पर्याप्त नहीं है। कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए लोहे की चादर और अन्य मजबूत संसाधनों का इस्तेमाल कर प्रभावी तरीके से कटाव रोकने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गंगा के बढ़ते दबाव और तेज धारा को देखते हुए कटाव निरोधी कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता है, ताकि प्रभावित गांवों और महत्वपूर्ण संरचनाओं को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।
लापता मजदूरों की तलाश और मुआवजे की मांग

महेश प्रसाद यादव ने नाव हादसे में लापता मजदूर सिकन्दर मंडल और बादल कुमार मंडल के शवों की अविलंब तलाश करने की मांग की। उन्होंने दोनों मजदूरों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी की।
इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त नाव के लिए भी उचित मुआवजा देने की मांग की गई। माले नेता ने कहा कि हादसे में लापता मजदूरों के परिवारों के सामने गंभीर संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है, इसलिए उनके परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
महेश प्रसाद यादव ने चेतावनी दी कि यदि मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा नहीं दिया गया और कटाव निरोधी कार्य में लापरवाही जारी रही तो भाकपा माले इसके खिलाफ जन आंदोलन को तेज करेगी।
जांच टीम में खरीक प्रखंड सचिव सत्यनारायण यादव, बिंदेश्वरी मंडल, प्रमोद यादव, श्रीमंत शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कटाव की स्थिति और चल रहे निरोधी कार्यों की जानकारी ली।
















