


नवगछिया। स्मार्ट मीटर का बिल अपडेट कराने और ऐसा नहीं करने पर बिजली कनेक्शन काटने का भय दिखाकर साइबर ठगी करने के मामले में नवगछिया साइबर थाना पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के पीपरपांती निवासी दिनेश कुमार सोनू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, राजेंद्र प्रसाद साहू ने 16 नवंबर 2025 को साइबर थाना में आवेदन देकर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 10 अक्टूबर 2025 को मोबाइल नंबर 9933470332 से उनके मोबाइल पर फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्मार्ट मीटर का बिल अपडेट कराने की बात कही। साथ ही बिल अपडेट नहीं कराने पर बिजली कनेक्शन काट दिए जाने का भय दिखाया गया।
इसके बाद साइबर ठगों ने राजेंद्र प्रसाद साहू के बैंक खाते से 48,800 रुपये की अवैध निकासी कर ली। घटना की शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने मामले में संलिप्तता के आधार पर दिनेश कुमार सोनू को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि स्मार्ट मीटर या बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर आने वाले अनजान फोन कॉल, लिंक अथवा किसी एप के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के साथ बैंक खाते से संबंधित जानकारी, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
















