


नवगछिया। महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर नवगछिया पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में शुक्रवार को नवगछिया पुलिस जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस दीदी टीम ‘अभया ब्रिगेड’ द्वारा नियमित गश्त एवं भ्रमण किया गया। इस दौरान स्कूल, कॉलेज सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई।

पुलिस टीम ने विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही छेड़छाड़, उत्पीड़न तथा महिलाओं को लक्षित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आसपास के क्षेत्रों में निगरानी की गई। टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाली महिलाओं एवं छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस से तत्काल सहायता लेने की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, ‘अभया ब्रिगेड’ का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। टीम द्वारा नियमित रूप से स्कूल, कॉलेज और अन्य सार्वजनिक स्थानों के आसपास गश्त किए जाने से महिलाओं एवं छात्राओं में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
नवगछिया पुलिस की ओर से महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे क्षेत्रों में लगातार निगरानी और गश्त जारी रखने की बात कही गई है।
















