


नवगछिया। कटिहार-बरौनी रेलखंड के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। नवगछिया रेलवे स्टेशन सहित इस रेलखंड के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव के साथ भागलपुर तक जाने वाली 03407/08 भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन के परिचालन की अवधि बढ़ा दी गई है। अब इस स्पेशल ट्रेन का परिचालन 27 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा।

ट्रेन के परिचालन की अवधि बढ़ाए जाने से नवगछिया सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से भागलपुर, नवगछिया, कटिहार और बरौनी रेलखंड के बीच नियमित रूप से आवागमन करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को इन महत्वपूर्ण शहरों के बीच आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध रहेगी।

परिचालन अवधि बढ़ाए जाने पर भाजपा नेता मुकेश राणा ने रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण ट्रेन के परिचालन को आगे बढ़ाने का निर्णय क्षेत्र के यात्रियों के हित में है। उन्होंने इसके लिए रेल मंत्रालय का आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया।
मुकेश राणा ने कहा कि नवगछिया क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए रेल सेवाओं का विस्तार और महत्वपूर्ण ट्रेनों का नियमित परिचालन बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी यात्रियों की मांग और क्षेत्र की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से सकारात्मक निर्णय लिए जाते रहेंगे।
















