5
(2)

नवगछिया। आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने शनिवार, 29 अगस्त को राघोपुर-काजीकोरैया गंगा बांध के कटाव स्थल पर भागलपुर की जिलाधिकारी से मुलाकात कर गंगा की धारा और लगातार बढ़ते कटाव को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि गंगा की धारा में बदलाव के कारण लंबे समय से क्षेत्र में कटाव की समस्या गंभीर होती जा रही है।

राजेंद्र यादव ने जिलाधिकारी को बताया कि 1990 के दशक में विक्रमशिला सेतु के निर्माण के दौरान पुल के पिलर खड़े करने में गंगा की तेज धारा के कारण काफी परेशानी हो रही थी। इसके बाद नाथनगर के पास गंगा नदी की धारा को पानी के जहाज के माध्यम से काटकर टेढ़ा किया गया और पानी की दिशा बदली गई, ताकि पुल के पिलर के निर्माण में सुविधा हो सके।

उन्होंने कहा कि पुल के पिलर खड़े होने और विक्रमशिला सेतु के निर्माण के बाद सरकार की ओर से कई बार पानी के जहाज भेजकर नाथनगर के पास नदी की धारा को पुनः सीधा करने का प्रयास किया गया। लेकिन उनके अनुसार, कटाव के नाम पर भ्रष्ट स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत के कारण नदी की धारा को सीधा नहीं होने दिया गया।

राजेंद्र यादव ने कहा कि नदी की धारा के नहीं सुधरने के कारण आज तक बड़े पैमाने पर कटाव जारी है। उनके अनुसार, नाथनगर की ओर से आने वाला पानी सीधे राघोपुर बांध से टकराता है। इसके बाद पानी सबौर और फिर इस्माइलपुर एवं सैदपुर क्षेत्र की ओर बढ़ता है। इससे अनुमंडल क्षेत्र के हजारों लोगों के घर कटाव की चपेट में आकर नष्ट हुए हैं और हजारों एकड़ कृषि भूमि गंगा में समा चुकी है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग विस्थापित होने को मजबूर हुए हैं।

राजेंद्र यादव ने बताया कि जिलाधिकारी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री, बिहार सरकार को भेजने तथा उनके निर्देश के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

उन्होंने इसके लिए जिलाधिकारी, भागलपुर के प्रति आभार जताया। साथ ही कहा कि यदि मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आजाद हिंद मोर्चा भ्रष्टाचार के खिलाफ जन आंदोलन चलाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और सरकार की होगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: