


नवगछिया । श्रावण मास-2026 के दौरान नवगछिया पुलिस जिला में डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के प्रयास, सड़क दुर्घटना, मारपीट और गुम हुए मोबाइल की बरामदगी सहित विभिन्न मामलों में लोगों को तत्काल सहायता पहुंचाई। पुलिस के अनुसार, इस अवधि में कई घटनाओं में टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और संकट में फंसे लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

02 अगस्त को विक्रमशिला सेतु पर एक महिला द्वारा कूदकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित बचा लिया। वहीं, 19 अगस्त को कदवा थाना क्षेत्र में कोसी नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को डायल-112 की टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला।
सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में भी डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। 11 अगस्त को इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के जहान्वी चौक के पास दुर्घटना में घायल तीन लोगों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया पहुंचाया गया। 13 अगस्त को बाइक की टक्कर में घायल तीन लोगों, 16 अगस्त को ऑटो दुर्घटना में घायल दो लोगों तथा 22 अगस्त को दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में घायल एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया।
इसी क्रम में 24 अगस्त को सड़क दुर्घटना में घायल कांवड़िया श्रद्धालु की सूचना मिलने के महज पांच मिनट के अंदर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। 27 अगस्त को जहान्वी चौक के पास टेंपो दुर्घटना में घायल तीन लोगों को भी तत्काल अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

पुलिस टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में भी तत्परता दिखाई। 04 अगस्त को परबत्ता थाना क्षेत्र में कांवड़िया श्रद्धालु का गुम हुआ मोबाइल बरामद कर सत्यापन के बाद उसे सौंप दिया गया। वहीं, 23 अगस्त को नवगछिया थाना क्षेत्र में गुम हुए एक अन्य मोबाइल को भी बरामद कर उसके वास्तविक धारक के सुपुर्द किया गया।
इसके अलावा 23 अगस्त को महादेवपुर घाट के पास दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। टीम ने महिला समेत दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया। 25 अगस्त को ढोलबज्जा थाना क्षेत्र में मारपीट की घटना में घायल व्यक्ति को सूचना मिलने के महज पांच मिनट के अंदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, 26 अगस्त को नवगछिया थाना क्षेत्र में दो भाइयों के विवाद के दौरान घायल हुए बालक को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
पुलिस के अनुसार, आपातकालीन परिस्थितियों में डायल-112 की त्वरित पहुंच से लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिली। विशेषकर आत्महत्या के प्रयास जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस की तत्परता ने लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
















