


नवगछिया। रंगरा प्रखंड में प्रस्तावित राजकीय डिग्री कॉलेज के स्थानांतरण को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को भाजपा के करीब 30 कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं विभिन्न पदों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया। कार्यकर्ताओं ने कॉलेज को रंगरा प्रखंड मुख्यालय से गंगा किनारे स्थानांतरित किए जाने के फैसले पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उनकी मांगों को पार्टी स्तर पर लगातार नजरअंदाज किया जा रहा था। कार्यकर्ताओं के अनुसार, सरकार की ओर से पहले रंगरा प्रखंड मुख्यालय स्थित तेज नारायण उच्च विद्यालय में डिग्री कॉलेज स्थापित करने की मंजूरी दी गई थी। बाद में कॉलेज को गंगा किनारे स्थानांतरित कर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने इसके लिए स्थानीय विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के कथित राजनीतिक दबाव को जिम्मेदार बताया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि कॉलेज को प्रखंड मुख्यालय से दूर गंगा किनारे स्थापित किए जाने से रंगरा प्रखंड की 10 में से आठ पंचायतों के विद्यार्थियों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उच्च शिक्षा के लिए छात्र-छात्राओं को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ेगी।
सामूहिक इस्तीफा देने वालों में पूर्व जिला संयोजक भाजयुमो नवगछिया आशुतोष सिंह, पंचायत समिति सदस्य सह जिला पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिम्मी ठाकुर, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बरुण सिंह, शक्ति केंद्र प्रमुख राजन ठाकुर, रंगरा पूर्वी मंडल मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ठाकुर, मंडल महामंत्री राहुल कुमार मंडल, कोषाध्यक्ष बेचन कुमार, युवा मोर्चा मंत्री दीपक कुमार यादव, पूर्वी मंडल युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सावन कुमार मिश्रा, पूर्व युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष रवि जायसवाल, मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष अनुराग आर्य, कार्यालय मंत्री रवि भूषण ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष मनोज कुमार ठाकुर, पूर्वी मंडल अध्यक्ष शिवम कुमार तथा पूर्व पन्ना प्रमुख सिंपल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।

कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक डिग्री कॉलेज को वापस रंगरा प्रखंड मुख्यालय में स्थापित करने का निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कॉलेज स्थानांतरण के मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे से स्थानीय स्तर पर पार्टी के भीतर असंतोष सामने आया है।
















