


नाव नहीं मिलने से ग्रामीण बेहाल, बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने में हो रही भारी दिक्कत

नवगछिया। गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत इस्माइलपुर बिंद टोली में बाढ़ का पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। स्पर संख्या 8 और 9 के बीच गंगा से सटे करीब 15 घर चारों ओर से पानी से घिर गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी घरों के आसपास इस तरह फैल गया है कि उनका इलाका अब किसी टापू से कम नहीं रह गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, घरों से बाहर निकलने का रास्ता पूरी तरह पानी में डूब गया है। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी उन्हें पानी पार कर बाहर जाना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि शौचालय जाने के लिए भी कुछ लोगों को कई बार पानी में तैरकर जाना पड़ता है।

स्थानीय ग्रामीण किरण देवी, शीला देवी, बबलू कुमार, पंकज कुमार, जितेंद्र मंडल और रहीम कुमार ने बताया कि बाढ़ के कारण सबसे अधिक परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। पानी के बीच से होकर आने-जाने में हादसे का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद लोगों के पास आवागमन का कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से अब तक नाव की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई है। घरों के चारों ओर पानी जमा होने से दैनिक जरूरतों का सामान लाने, इलाज के लिए बाहर जाने तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नाव उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक सहायता पहुंचाने की मांग की है। उनका कहना है कि बाढ़ के पानी के बीच वे बेहद कठिन परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं और अब तक पर्याप्त मदद नहीं मिल सकी है।
इधर, अंचलाधिकारी रोशन कुमार ने बताया कि प्रभावित ग्रामीणों के आवागमन के लिए नाव की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
















