


नवगछिया। नवगछिया के उभरते हुए प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी सचिन रॉय का बीसीसीआई द्वारा आयोजित तीन प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं—सीके नायडू ट्रॉफी अंडर-23, कूच बिहार ट्रॉफी अंडर-19 एवं वीनू मांकड़ ट्रॉफी अंडर-19—के कैंप में चयन होने से नवगछिया सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सचिन रॉय की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर उनके परिवार में विशेष उत्साह का माहौल है। उनके माता-पिता सहित पिता सुनील कुमार, जो मदन अहलिया महिला कॉलेज के बॉटनी विभाग में डेमॉन्स्ट्रेटर के पद पर कार्यरत रह चुके हैं, ने सचिन की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

सचिन के चयन की खबर मिलते ही नवगछिया क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों में भी खुशी की लहर दौड़ पड़ी। एकेडमी के प्रेसिडेंट राजेश झा, सेक्रेटरी प्रफुल्ल कुमार सिंह, संतोष बाबू तथा उनके पूर्व कोच निखिल रंजन ने सचिन को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सभी ने आशा व्यक्त की कि सचिन आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए बिहार एवं देश का नाम रोशन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि सचिन रॉय पिछले आठ वर्षों से नवगछिया क्रिकेट एकेडमी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने लगातार एकेडमी में कठिन परिश्रम और नियमित अभ्यास के माध्यम से अपने खेल को निखारा है। उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का ही परिणाम है कि आज उन्हें बीसीसीआई द्वारा आयोजित तीन महत्वपूर्ण आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं के कैंप में चयनित होने का गौरव प्राप्त हुआ है।उन्होंने अपने सफलता का श्रेय अपने कोच,और अकैडमी के प्रेसिडेंट तथा सेक्रेटरी को दिया।
सचिन की यह उपलब्धि नवगछिया क्रिकेट एकेडमी के लिए भी गर्व का विषय है और क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगी।















