5
(2)


प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। बाढ़ की मार से घर से दूर पॉलिटेक्निक कॉलेज के राहत शिविर में रह रहे 380 परिवारों के लिए गुरुवार को प्रशासन की ओर से राहत सामग्री पहुंचाई गई। शिविर में रहने वाले परिवारों को केवल खाद्यान्न ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कपड़े, बर्तन, साबुन और अन्य उपयोगी सामग्री से तैयार राहत किट वितरित की गई।
अपर समाहर्ता (आपदा) कुंदन कुमार के नेतृत्व में राहत किट का वितरण शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि शिविर में पंजीकृत 380 परिवारों के सभी सदस्यों और बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किट तैयार की गई है। उम्र और जरूरत के अनुसार परिवार के अलग-अलग सदस्यों के लिए सामग्री शामिल की गई है।


बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक का रखा गया ध्यान
राहत किट में बच्चों के लिए उनकी उम्र और साइज के अनुसार कपड़े रखे गए हैं। बालकों को हाफ पैंट और टी-शर्ट, जबकि बालिकाओं के लिए स्कर्ट/फ्रॉक समेत आवश्यक वस्त्र दिए जा रहे हैं।
महिलाओं के लिए साड़ी, साया और ब्लाउज तथा पुरुषों के लिए लुंगी, गंजी और गमछा उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा परिवारों को लोटा, गिलास और अन्य जरूरी बर्तन भी दिए जा रहे हैं।
छोटी-छोटी जरूरतों का भी रखा गया ख्याल
राहत किट में स्नान और कपड़े धोने के साबुन, सर्फ, सुगंधित केश तेल, कंघी और आईना जैसी दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी शामिल हैं। यानी राहत सामग्री को सिर्फ तत्काल जरूरत तक सीमित रखने के बजाय शिविर में रह रहे परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
अपर समाहर्ता ने बताया कि राहत किट तैयार करने में करीब तीन से चार दिन लगे। पॉलिटेक्निक कॉलेज शिविर से वितरण की शुरुआत की गई है। इसके बाद जिले के अन्य राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों को भी इसी तरह राहत किट उपलब्ध कराई जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: