5
(2)

जिले के विभिन्न मंदिरों में आयोजित हुए कार्यक्रम, प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन और विकसित भारत की कामना की

नवगछिया। भारतीय जनता पार्टी जिला नवगछिया के तत्वावधान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा उनके संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दीपोत्सव एवं पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की। साथ ही उनके नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की गई।

मुख्य कार्यक्रम नवगछिया स्थित श्री गोपाल गौशाला के शिवालय परिसर में आयोजित किया गया। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया। इस दौरान पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति मंच के पूर्व जिला संयोजक एवं भजन सम्राट मंटू महंत ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों के बीच कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ दीप प्रज्वलित किए और प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर मंगलकामना की।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद, पूर्व सांसद प्रो. अनिल कुमार यादव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष बिनोद मंडल तथा कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने विधि-विधान से गौ-पूजन किया। गौ-पूजन के बाद कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस अवसर पर भाजपा जिला प्रवक्ता कौशल जायसवाल, नगर अध्यक्ष दीपक भगत, मंडल अध्यक्ष रंजीत झा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रवीण भगत, भाजपा नेता दिलीप मुनका, नगर निकाय जिला संयोजक अनिल केजरीवाल, बेटी बचाओ जिला संयोजक अभिनंदन यादव, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष शंभू पासवान, मोहन सिंह, मुकेश चौधरी, चंदन भगत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिले के विभिन्न मंडलों में भी हुआ दीपोत्सव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नवगछिया जिले के विभिन्न मंडलों और प्रमुख मंदिरों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में दीप जलाकर पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन की कामना की।

तेतरी दुर्गा मंदिर में कार्यक्रम संयोजक मितेश रंजन के नेतृत्व में दीपोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंडल संयोजक बबलू चौधरी तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री नीतेश दास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

सैदपुर दुर्गा मंदिर में कार्यक्रम संयोजक एवं जिला मंत्री बासुकी मंडल तथा मंडल अध्यक्ष मुकेश मंडल की उपस्थिति में दीपोत्सव मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की।

गोसाईं गांव में मंडल अध्यक्ष रंजीत झा के नेतृत्व और कार्यक्रम संयोजक राजेश झा की उपस्थिति में दीप जलाकर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दी गईं।

भवानीपुर काली मंदिर में कार्यक्रम संयोजक सह विधानसभा संयोजक किशोर झा के नेतृत्व तथा मंडल अध्यक्ष बिक्रम सिंह की उपस्थिति में दीपोत्सव का आयोजन किया गया।

मादरौनी में मंडल अध्यक्ष गौरव सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम आयोजित किया। वहीं कड़ुआ में मंडल अध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मंगलकामना की।

धरहरा में पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को कार्यकर्ताओं ने सेवा, पूजा-अर्चना और दीपोत्सव के माध्यम से मनाया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देश की प्रगति, समृद्धि एवं विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की कामना की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: