


नवगछिया पुलिस की कार्रवाई, रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली गांव से एक और वाहन जांच के दौरान दूसरा आरोपित पकड़ा गया
नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान हत्या की साजिश को नाकाम करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से तीन देसी कट्टा, एक पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, रंगरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुरली गांव निवासी हीरालाल कुमार उर्फ राजा कुमार किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से अपने घर में हथियार छिपाकर रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही हीरालाल भागने लगा, जिसे पुलिस ने खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर में छिपाकर रखे गए एक पिस्टल, दो देसी कट्टा और 16 जिंदा कारतूस बरामद किए। पूछताछ में हीरालाल ने पुलिस को बताया कि इस योजना में सोनू कुमार यादव भी शामिल था। इसके बाद पुलिस ने वाहन जांच के दौरान मुरली चौक के समीप सोनू कुमार यादव को एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पिता की हत्या के मामले से जुड़ा पुराना विवाद
पुलिस पूछताछ में हीरालाल कुमार उर्फ राजा कुमार ने बताया कि उसके पिता छोटू कुमार का स्वर्गीय तारणी यादव से कई वर्षों से जमीन विवाद चला आ रहा था। वर्ष 2018 में तारणी यादव की हत्या के मामले में उसके परिवार को नामजद किया गया था, जिसमें उसके पिता देवेंद्र सिंह को वर्ष 2022 में सजा हुई थी।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद छोटू कुमार द्वारा लगातार धमकी दिए जाने से आक्रोशित होकर हीरालाल ने वर्ष 2021 में उस पर जानलेवा हमला किया था। वर्ष 2022 में जेल में रहने के दौरान उसकी दोस्ती सोनू कुमार यादव से हुई। वर्ष 2024 में जेल से बाहर आने के बाद पुनः विवाद होने पर हीरालाल ने सोनू कुमार यादव के साथ मिलकर छोटू कुमार की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में रंगरा थाना कांड संख्या 241/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सोनू कुमार यादव के खिलाफ 12 मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित सोनू कुमार यादव के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, लूट और शस्त्र अधिनियम समेत कुल 12 मामले दर्ज हैं। वहीं हीरालाल कुमार उर्फ राजा कुमार के खिलाफ शस्त्र अधिनियम एवं हत्या के प्रयास समेत कुल तीन मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
बरामद हथियार व सामान
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन देसी कट्टा, एक पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
तीन माह में 40 अवैध आग्नेयास्त्र बरामद
नवगछिया पुलिस के अनुसार, पिछले तीन माह में अवैध हथियारों की बरामदगी और तस्करी के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 40 अवैध आग्नेयास्त्र और 138 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस दौरान 37 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।















