


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। छात्राओं की सुरक्षा एवं सम्मान के मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं एवं छात्राओं ने मंगलवार को भागलपुर के तीन प्रमुख महाविद्यालयों में प्रदर्शन किया। मारवाड़ी महाविद्यालय, टीएनबी महाविद्यालय और एसएम महाविद्यालय में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल हुईं।

प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने अपनी सुरक्षा, सम्मान और महाविद्यालय परिसर में सुरक्षित वातावरण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित किया जाए। छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि उनकी सुरक्षा और गरिमा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा किसी भी शैक्षणिक संस्थान की मूल जिम्मेदारी है। छात्राएं बिना भय के महाविद्यालय आएं और अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें, इसके लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि छात्राओं की समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय उनकी बात गंभीरता से सुनी जाए और शिकायतों का उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

अभाविप ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन आगे भी उनकी आवाज उठाता रहेगा। प्रदर्शन के माध्यम से महाविद्यालय प्रशासन से छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रदर्शन में सोहम शुभम, नवीन, कुणाल, अवनीश कश्यप, चुनमुन सिंह, मृणाल, मिलन, आलोक, टिंकू, साक्षी, मेहविश, सुमित, प्रेम, अमन, निधि, अपराजिता, इशिका, साक्षी, प्रिया, अन्नु, तेजु, अंजलि, आशीष, दिव्यांशु, सोनू सहित अन्य छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















