5
(2)

पूर्णिया से परीक्षा देकर सुल्तानगंज लौट रहा था युवक, बस और टोटो के बीच फंसने से हुआ हादसा

नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के नवगछिया जीरोमाइल में गुरुवार को सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान सुल्तानगंज के श्यामबाग लीची बगान निवासी अरविंद कुमार के पुत्र अविनाश कुमार के रूप में हुई है। वह पूर्णिया से एनटीपीसी की टाइपिंग परीक्षा देकर बस से अपने घर सुल्तानगंज लौट रहा था।

घायल युवक के अनुसार, परीक्षा समाप्त होने के बाद वह बस से सुल्तानगंज लौट रहा था। नवगछिया जीरोमाइल के पास बस रुकी, जिसके बाद वह बस से उतरकर टोटो पर सवार हो गया। इसी दौरान पीछे से किसी पुलिसकर्मी द्वारा बस पर डंडा मारने की बात सामने आई। युवक के अनुसार, डंडा लगने के बाद बस चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी।

अचानक बस आगे बढ़ने से बस ने टोटो में टक्कर मार दी। इस दौरान टोटो पर सवार अविनाश कुमार बस और टोटो के बीच फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को बस और टोटो के बीच से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए भागलपुर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।

घायल युवक ने हादसे के संबंध में पुलिसकर्मी द्वारा बस पर डंडा मारने और उसके बाद बस चालक द्वारा अचानक बस आगे बढ़ाने की बात बताई है। घटना की वास्तविक परिस्थितियों और हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: