
भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को सूर्योपासना के लिए जाना जाता है। इसे सूर्यषष्ठी का व्रत भी कहते हैं। सर्वमान्य परंपराओं के उलट व्रती पहले डूबते सूरज फिर अगले दिन उगते सूरज को अर्घ्य देते हैं।चार दिनों के इस पर्व की तैयारी बहुत पहले शुरू हो जाती है और इस क्रम में माताएं भगवान भास्कर के अतिरिक्त छठी मैया के भी गीत गाती हैं। ऐसे में ये छठी मैया कौन हैं !
उक्त प्रश्न के उत्तर पर आने से पूर्व यह भी बताता चलूं कि कई बार माताओं के मुंह से ‘राणा मैया’ शब्दप्रयोग भी सुना जाता है। राणा अर्थात सूर्य देवता हैं , देवी नहीं। फिर, राणा मैया क्यों ! वस्तुत: , छठ देवोपासना से अधिक देवी (छठी मैया) की उपासना का व्रत है। इसी कारण ‘राणामाभ्यां पूजनम्’ के साम्यवश राणा मैया चल पड़ा होगा। यहां यह बताना प्रासंगिक होगा कि छठ के ग्लोबल होने पर मैया पीछे छूटती जा रही हैं और ‘सुरुज देव’ उन्हें धकियाते जा रहे हैं। हालांकि, पूर्वांचल एवं बिहार से जिनका गर्भनाल जुड़ा है, उनके हृदय में छठी मैया की ज़मीन बरकरार है।
छ: कृत्तिकाएं, जिन्हें देवताओं के सेनापति कार्तिकेय की माताएं होने का गौरव प्राप्त हुआ, छठी मैया हैं। तारक नाम के राक्षस का वध करनेवाले तथा शिव जी के पुत्र कार्तिकेय के जन्म से यह प्रसंग जुड़ा है। संसार वज्रांग एवं वरांगी के पुत्र तारक के आतंक से त्रस्त था.पारियात्र पहाड़ पर तपस्याकर उसने व्रह्मा को प्रसन्न कर लिया था। वरदान में उसने यह मांग लिया था कि उसे सात दिन के बच्चे के अतिरिक्त कोई और न मार सके. इस वरदान की बदौलत वह देवताओं को भी सताने लगा. दुखी देवता निरुपाय होकर व्रह्मा की शरण में गए। व्रह्मा ने कहा कि केवल शिव का पुत्र ही उसका वध कर सकता है।
एक दिन जब शिव और पार्वती विहारमग्न थे, अग्नि कबूतरी के रूप में उनके सन्निकट पहुंच गई।कुपित शिव ने अग्नि को निषेचित कर दिया.शिव के अंश के ताप को सहन न कर पाने के कारण उसने उसे गंगा में फेंक दिया।इसीलिए कार्तिक को अग्निभू और गंगापुत्र भी कहते हैं। छ: कृत्तिकाएं जब गंगास्नान करने गईं, दैवयोग से वे सभी संगमित हो गईं।यथासमय उन सबने एक -एक पुत्र को जन्म दिया।भगवद्कृपा से वे जुड़कर एक हो गए।अब उन्हें छ: सिर, बारह हाथ तथा बारह आंखों वाला असाधारण रूप मिल गया था। अस्तु, कृत्तिकाओं के पुत्र कार्तिकेय, षडानन तथा षण्मुख कहलाए. किंतु, कबल इसके कि कृत्तिकाएं कल्याण की योग्यता प्राप्त करतीं, मां गंगा ने अपने तट पर उग आए सरकंंडों के बीच शिव के अंश की हिफ़ाज़त की , सूर्यदेव ने सम्यक ऊष्मा प्रदान की। इसीलिए तारकजीत कार्तिकेय शरजन्मा भी कहलाते हैं।
जगत का कल्याण करनेवाले कार्तिकेय के जन्म में शिव, अग्नि, सूर्य, गंगा, सरकंंडों और कृत्तिकाओं का समवेत योगदान है किंतु जन्मदात्री माताओं से ऊपर भला कौन हो सकता है ! स्वयं महादेव ने कार्तिकेय की माता का पद पार्वती को नहीं बल्कि कृत्तिकाओं को दिया। छठव्रती माताओं का दृढ़विश्वास होता है कि संसार को त्रासमुक्त करनेवाले की जन्मदात्री माताएं – छठी मैया – अवश्य उन्हें शोकमुक्त करेंगी तथा सुख, सुहाग व संतान से उनका आंचल भर देंगी।















