3.7
(3)

कुख्यात खोखा सिंह के बेटे ज्योतिष की गोली मारकर हत्या, पांच साल बाद फिर गूंजी गोलियों की गूंज

कोसी पार पचगछिया गोला टोला कदवा में मंगलवार रात वारदात, सीने में लगी गोली; वर्ष 2021 में अपराधियों ने पिता खोखा सिंह को भी उतारा था मौत के घाट, आरोपितों की तलाश में पुलिस की छापेमारी

नवगछिया में मंगलवार की रात एक बार फिर गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। नवगछिया के कोसी पार
कदवा थाना क्षेत्र के पचगछिया टोला निवासी ज्योतिष कुमार की गोला टोला में गोली मारकर हत्या कर दी गई। रात करीब 9:30 बजे हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक ज्योतिष कुमार, नवगछिया के कुख्यात अपराधी खोखा सिंह का पुत्र था। पांच साल पहले वर्ष 2021 में खोखा सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब उनके बेटे की हत्या के बाद क्षेत्र में पुरानी घटना की यादें फिर ताजा हो गई हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ज्योतिष कुमार के सीने में गोली लगी थी। घटना के बाद शव को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही थी। गोली लगने की सही संख्या पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर छापेमारी शुरू कर दी है।

पांच साल पहले पिता की भी गोली मारकर हुई थी हत्या

ज्योतिष कुमार के पिता खोखा सिंह को वर्ष 2021 में 26 जनवरी की संध्या अपराधियों ने गोली मार दी थी। उस समय खोखा सिंह अपने भाई के साथ गांव में घूमने निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन पर गोलीबारी की थी। इस घटना में खोखा सिंह की मौत हो गई थी, जबकि उनके भाई को भी गोली लगी थी।

पांच साल बाद अब उनके बेटे ज्योतिष कुमार की हत्या ने इलाके में एक बार फिर हलचल पैदा कर दी है। एक ही परिवार में पिता और पुत्र की हत्या की घटनाओं ने क्षेत्र में चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

तीन भाइयों में एक था ज्योतिष

पचगछिया टोला निवासी ज्योतिष कुमार तीन भाइयों में एक था। उसके भाइयों के नाम आशीष कुमार और सौरभ कुमार हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर अभी पुलिस की जांच जारी है।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी

घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों, घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच कर रही है।

फिलहाल, हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 3.7 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: