
कदवा दियारा पंचायत के काशीमपुर कदवा और पकड़ा बासा गांव में विभिन्न योजनाओं की जांच, लाभुकों से पूछताछ कर दर्ज किए बयान
नवगछिया। मनरेगा योजना के क्रियान्वयन में कथित अनियमितता की शिकायत मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी और कार्यक्रम पदाधिकारी ने कदवा दियारा पंचायत के काशीमपुर कदवा एवं पकड़ा बासा गांव में स्थलीय जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने शिकायत से संबंधित विभिन्न योजनाओं का भौतिक सत्यापन किया और लाभुकों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए।

जांच के क्रम में अधिकारियों ने विजय सिंह के यहां मनरेगा योजना के तहत कराए गए मिट्टी भराई एवं पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके अलावा अमोद सिंह से पांचू सिंह के घर तक कराए गए मिट्टी भराई और पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य की भी जांच की गई। अधिकारियों ने संबंधित स्थलों पर पहुंचकर योजनाओं के तहत कराए गए कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
बकरी और पशु शेड योजनाओं का भी हुआ सत्यापन
स्थलीय जांच के दौरान नूतन देवी और घूटर सिंह के बकरी शेड से संबंधित योजनाओं का निरीक्षण किया गया। वहीं, नंदलाल कुमार सिंह, प्रमोद सिंह और पिंकी कुमारी के पशु शेड निर्माण से जुड़ी योजनाओं का भी भौतिक सत्यापन किया गया।
अधिकारियों ने शिकायत से संबंधित अन्य वंचित लाभुकों के यहां पहुंचकर भी योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान लाभुकों से कार्य की प्रगति, निर्माण की स्थिति और योजना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की गई।

लाभुकों के बयान किए गए दर्ज
जांच के दौरान अधिकारियों ने लाभुकों से बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए, ताकि शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की वास्तविकता का पता लगाया जा सके। मनरेगा योजनाओं में कथित गड़बड़ी की शिकायत के बाद की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन करना और शिकायत से जुड़े तथ्यों की जांच करना है।















