
नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया के पुलिस केंद्र स्थित सरकारी आवास में शनिवार को पुलिस पदाधिकारी योगेश कुमार साह ने जान दे दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की गई। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कराए। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
पुलिस जिला नवगछिया की ओर से 24 अक्टूबर 2026 को जारी अद्यतन जानकारी के अनुसार, योगेश कुमार साह के सरकारी आवास में घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल को विधिवत सुरक्षित किया गया। इसके बाद एफएसएल टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए, जबकि तकनीकी टीम विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, दिवंगत पुलिस पदाधिकारी के पार्थिव शरीर का विधिवत अंत्य परीक्षण कराया गया है। घटना के संबंध में नवगछिया थाने में यूडी कांड संख्या 06/26 दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
हाल ही में मिला था पदोन्नति का लाभ
योगेश कुमार साह मूल रूप से बांका जिले के बौंसी प्रखंड अंतर्गत बाराहाट के निवासी थे। वह वर्तमान में नवगछिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय की चुनाव कोषांग में कार्यरत थे। हाल ही में विभागीय पदोन्नति के तहत उन्हें आशु सहायक अवर निरीक्षक के पद से पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर प्रोन्नति मिली थी।
पदोन्नति के कुछ ही दिनों बाद उनकी मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। घटना के बाद से पुलिस अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं, ताकि इससे जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने दिवंगत योगेश कुमार साह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव भेज दिया गया।
नवगछिया पुलिस ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।















