5
(2)

नवगछिया । पुलिस जिला नवगछिया में अवैध हथियार निर्माण एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोपालपुर थाना क्षेत्र के दियारा इलाके स्थित अजीमाबाद गांव में पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक निर्मित देशी कट्टा, एक अर्द्धनिर्मित देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखा तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण एवं सामग्री बरामद की है। मौके से एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामदगी और गिरफ्तारी की जानकारी नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान दी।

एसपी ने बताया कि 16 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोपालपुर थाना क्षेत्र के अजीमाबाद गांव स्थित ऋषि कुमार के घर में अवैध रूप से देशी हथियारों का निर्माण एवं खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना के आधार पर उक्त घर में छापेमारी की, जहां अवैध रूप से हथियार निर्माण किए जाने का खुलासा हुआ। तलाशी के दौरान पुलिस ने हथियारों के साथ उनके निर्माण में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कविता देवी, पति ऋषि कुमार, निवासी अजीमाबाद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त ऋषि कुमार, पिता भुनेश्वर शर्मा, निवासी अजीमाबाद का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में गोपालपुर थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार निर्माण का यह काम कब से संचालित हो रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही हथियारों की आपूर्ति और खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में पुलिस टीम के साथ डीआईयू की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने बरामद हथियार, कारतूस, खोखा एवं निर्माण सामग्री को जब्त कर लिया है। मामले में गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियार निर्माण और तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: