


छात्र राजद ने पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
पूर्णिया । पूर्णिया विश्वविद्यालय में नए सत्र 2026-30 के स्नातक नामांकन के लिए लिए जा रहे आवेदन शुल्क को लेकर सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (छात्र राजद) ने विरोध जताया है। संगठन के विश्वविद्यालय अध्यक्ष पीयूष पुजारा ने छात्र कल्याण पदाधिकारी से मिलकर आवेदन प्रक्रिया को निःशुल्क करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

पीयूष पुजारा ने कहा कि हाल ही में पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक नामांकन के लिए आवेदन तिथि जारी की गई है, जिसमें आवेदन शुल्क के रूप में लगभग 600 रुपये तक लेने की बात कही गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सामर्थ पोर्टल एक सरकारी पोर्टल है, जहां कई विश्वविद्यालय या तो निःशुल्क आवेदन लेते हैं या बहुत ही मामूली शुल्क वसूलते हैं, लेकिन पूर्णिया विश्वविद्यालय छात्रों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रहा है।
उन्होंने कहा कि सीमांचल क्षेत्र पहले से ही शैक्षणिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। ऐसे में अधिक शुल्क लेना छात्रों के साथ अन्याय है। छात्र संगठन ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय लगातार विभिन्न माध्यमों से छात्रों पर आर्थिक दबाव बना रहा है।

पीयूष पुजारा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आवेदन प्रक्रिया को निःशुल्क नहीं किया गया तो छात्रहित में आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया छात्रों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहेगा और किसी भी प्रकार की “लूट-खसोट” के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा।
















