


पहले ही दिन 88 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण, पूर्व रणजी कप्तान मनीष वर्धन देंगे प्रशिक्षण
पूर्णिया : सीमांचल के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर मंच और पेशेवर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आव्या स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित 15 दिवसीय क्रिकेट समर कैंप-2026 का भव्य शुभारंभ बुधवार को ग्रीन वैली मेफेयर ग्राउंड, पूर्णिया में हुआ। उद्घाटन समारोह उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना से सराबोर रहा, जिसमें खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि निमिषा सिंह थीं। इस अवसर पर आव्या स्पोर्ट्स की प्रिया चौरसिया ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी सशक्त जरिया है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, लगन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
कैंप के पहले ही दिन 88 खिलाड़ियों का पंजीकरण होना क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति बढ़ते उत्साह और कैंप की लोकप्रियता को दर्शाता है। 15 दिनों तक चलने वाले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग, फिटनेस, मैच प्रैक्टिस, योग, मानसिक मजबूती और खेल तकनीक की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कैंप का नेतृत्व झारखंड के पूर्व रणजी एवं दलीप ट्रॉफी कप्तान मनीष वर्धन कर रहे हैं। उनके साथ प्रशिक्षक भास्कर दुबे, सक्षम सिंह और जन्मेजय सिंह खिलाड़ियों को आधुनिक क्रिकेट प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
अपने संबोधन में मनीष वर्धन ने कहा कि वे स्वयं पूर्णिया की धरती से जुड़े रहे हैं और उन्होंने उस दौर को भी देखा है जब खिलाड़ियों को सीमित संसाधनों और मैटिंग विकेट पर अभ्यास करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आज पूर्णिया में आधुनिक खेल सुविधाएं, टर्फ विकेट और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध हैं, जिसका लाभ खिलाड़ियों को उठाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और निरंतर अभ्यास के माध्यम से राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की।
आव्या स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संस्थापक विनय चौरसिया ने कहा कि संस्था का उद्देश्य सीमांचल क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और उचित अवसर प्रदान करना है, ताकि वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने खिलाड़ियों और अभिभावकों का विश्वास एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अमित सिन्हा, निखलेश सिंह, सुशम कुंडू, शशांक शेखर, नीर परमार, रूपेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित खेल प्रेमियों ने आव्या स्पोर्ट्स फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सीमांचल की खेल प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
समारोह के अंत में खिलाड़ियों और अभिभावकों ने कैंप की व्यवस्थाओं और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की प्रशंसा की तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह शिविर क्षेत्र के खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
















