


फ्लड फाइटिंग कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का लिया जायजा, अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश
बिहपुर। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इं. शैलेंद्र ने रविवार को बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों को बाढ़ के खतरे से बचाने वाले नरकटिया-रामनगर-नन्हकार गंगा जमींदारी तटबंध का निरीक्षण किया। पटना रवाना होने से पूर्व मंत्री ने तटबंध पर चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्य का स्थल निरीक्षण कर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने फ्लड कंट्रोल विभाग के एसडीओ राजेश कुमार मेहरा, जेई कविरंजन कुमार, मंतोष कुमार एवं कार्य संवेदक सह सोनवर्षा पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि राजीव उर्फ नूनू चौधरी से चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने तटबंध की वर्तमान स्थिति, जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए विभाग की तैयारियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
तटबंध पूरी तरह सुरक्षित, स्थिति नियंत्रण में
फ्लड कंट्रोल विभाग के अधिकारियों ने मंत्री को वर्तमान गंगा जलस्तर की स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि नरकटिया-रामनगर-नन्हकार तटबंध फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित है और स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, संभावित आपात स्थिति को देखते हुए विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। तटबंध की सुरक्षा के लिए आवश्यक संसाधनों और तैयारियों को भी दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।
मंत्री इं. शैलेंद्र ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तटबंध की सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक कार्य की कई स्तरों पर लगातार निगरानी की जा रही है। तटबंधों की सुरक्षा और फ्लड फाइटिंग कार्य में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग एवं प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने का निर्देश दिया।

मंत्री ने कहा कि गंगा के जलस्तर में होने वाले बदलाव और तटबंधों की स्थिति की नियमित निगरानी आवश्यक है। किसी भी स्थान पर कटाव या अन्य समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि समय रहते संभावित खतरे को टाला जा सके और क्षेत्र के ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, प्रभुनंदन चौधरी, कुमार सौरव, मुन्नी राय, सत्यप्रकाश सिंह, नीतेश चौधरी, कन्हैया झा समेत कई गणमान्य लोग एवं क्षेत्र के आमजन मौजूद रहे।
















