5
(1)

भागलपुर। राजद विधायक रीतलाल यादव की तबीयत सोमवार देर शाम भागलपुर केंद्रीय कारा में अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तत्काल मायागंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जेल प्रशासन ने रात करीब 9:30 बजे उन्हें अस्पताल भेजा। फिलहाल उनकी चिकित्सा निगरानी में जांच चल रही है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें किस प्रकार की स्वास्थ्य समस्या हुई है।

इस बीच, रीतलाल यादव की पत्नी रिंकू देवी ने एक वीडियो जारी कर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पति की जेल में हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार उन्हें और उनके पूरे परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है।

गौरतलब है कि सुरक्षा कारणों से करीब दो महीने पहले रीतलाल यादव को पटना के बेऊर जेल से भागलपुर के विशेष केंद्रीय कारा में स्थानांतरित किया गया था। उन्हें हाई-सिक्योरिटी जोन में तृतीय खंड के टी-सेल में रखा गया है, जहां पहले भी कई विवादास्पद कैदी रह चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि रीतलाल यादव ने 17 अप्रैल 2025 को दानापुर कोर्ट में सरेंडर किया था। उन पर खगौल थाना क्षेत्र में एक बिल्डर से 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप है। इस मामले में पटना पुलिस ने उनके 11 ठिकानों पर छापेमारी की थी, जहां से 10.5 लाख रुपये नकद, 77 लाख रुपये के ब्लैंक चेक, चार पेन ड्राइव और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए थे।

सरेंडर के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेजा गया था, जहां से बाद में उन्हें भागलपुर जेल स्थानांतरित किया गया। वर्तमान में उनकी तबीयत को लेकर मेडिकल टीम सतर्क है और सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं। पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद मामला संवेदनशील हो गया है और अब सबकी निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: