



भागलपुर के कहलगांव प्रखंड अंतर्गत नंदलालपुर पंचायत के छोटे से गांव जगन्नाथपुर निवासी किशन कुमार ने भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में बतौर तेज गेंदबाज चयनित होकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। किशन बिहार से टीम इंडिया में जगह बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। इस बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर-19 टेस्ट सीरीज में बिहार से समस्तीपुर के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और भागलपुर के तेज गेंदबाज किशन कुमार टीम इंडिया की ओर से खेलेंगे।
किशन के चयन के बाद उनके गांव में खुशी का माहौल है। परिजनों और गांववासियों में उत्साह है। किशन की मां रीना सिंह ने कहा कि बेटा बचपन से ही खेल में रुचि रखता था। संसाधनों की कमी थी, पति खेती करते हैं, इसलिए किशन को पढ़ाई और क्रिकेट के लिए इलाहाबाद अपनी बुआ किरण सिंह के घर भेजा गया। वहीं से उन्होंने क्रिकेट की शुरुआत की और बाद में आशीष नेहरा क्रिकेट अकादमी (ANCA) में दाखिला लिया। यहीं से उन्होंने खेल को निखारा और आज भारतीय टीम में जगह बनाई।
किशन के पिता सुशील कुमार उर्फ मुन्ना सिंह ने कहा कि यह परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि वे खुद भी अच्छे क्रिकेट खिलाड़ी थे, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण आगे नहीं बढ़ पाए। अब बेटे ने वह सपना पूरा किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं ने गांव-गांव से प्रतिभाओं को मौका देने का रास्ता खोला है।

किशन के साथ खेलने वाले अभिषेक चौबे और रौनक सिंह ने बताया कि गांव में मैदान की कमी थी, फिर भी किशन खेतों और गली-मोहल्लों में अभ्यास करते थे। खेल के प्रति उनका समर्पण शुरू से था। वे अकेले ही मैच जिता देते थे। जबरदस्त बल्लेबाजी के साथ-साथ उम्दा गेंदबाजी भी करते थे।
फोन पर बातचीत में किशन कुमार ने कहा कि गांव में क्रिकेट खेलने की सुविधाएं नहीं थीं, फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी। उनका सपना हमेशा से देश के लिए खेलने का था। उन्होंने कहा कि वे बेन स्टोक्स को अपना रोल मॉडल मानते हैं और आशीष नेहरा उनके मेंटर हैं। किशन फिलहाल नोएडा में चल रहे भारतीय अंडर-19 हाई परफॉर्मेंस कैंप में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इससे पहले वे बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कैंप में भी शामिल हो चुके हैं।

गौरतलब है कि किशन पिछले दो वर्षों से आईपीएल टीम गुजरात टाइटंस के लिए नेट गेंदबाज के रूप में भी जुड़े हुए हैं। ANCA की प्रशिक्षक स्वाति सिंह ने बताया कि किशन शुरू से ही अनुशासित और मेहनती रहे हैं। उनके कोच नागेंद्र नेगी ने भी किशन को शुभकामनाएं दी हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा घोषित 17 सदस्यीय अंडर-19 टीम की कमान आयुष महात्रे को सौंपी गई है। यह टीम 21 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रहेगी। किशन के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद में पूरा क्षेत्र उत्साहित है।














