



भागलपुर । भागलपुर जिले की सामान्य वर्ग की 21 महिला सदस्यों को पशुपालन संबंधी प्रशिक्षण के लिए दीप नारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंधन संस्थान, शास्त्री नगर, पटना भेजा गया है। यह प्रशिक्षण 4 अगस्त तक गव्य विकास निदेशालय, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार सरकार, पटना के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को गव्य प्रबंधन, मूल्यवर्धन, नस्ल की पहचान, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन और पशु प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों में दक्ष बनाना है। यह प्रशिक्षण पूर्णतः नि:शुल्क प्रदान किया जा रहा है, जिससे लाभार्थियों को व्यावसायिक ज्ञान के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हो सके।
रविवार को प्रशिक्षणार्थियों को विधिवत रूप से संस्थान के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर बांका जिले के जिला गव्य विकास पदाधिकारी एवं भागलपुर के प्रभारी अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि यह प्रशिक्षण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अपने व्यवसाय में निपुण होकर कम खर्च में अधिक आमदनी प्राप्त कर सकेंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को पशुपालन से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं में प्राथमिकता दी जाती है। पशुपालन के क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त पहल है।
यह प्रशिक्षण महिलाओं को तकनीकी ज्ञान से लैस कर न केवल उनके आर्थिक सशक्तिकरण में सहायक होगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।














