5
(1)

18 केंद्रों पर 7704 अभ्यर्थी होंगे शामिल, कदाचारमुक्त परीक्षा की तैयारी पूरी

भागलपुर। बिहार लोक सेवा आयोग, पटना द्वारा सहायक प्रशाखा पदाधिकारी परीक्षा का आयोजन 10 सितंबर को किया जा रहा है। यह परीक्षा भागलपुर जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर भी आयोजित होगी, जिसमें कुल 7704 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 2:15 बजे तक निर्धारित है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल सुबह 11 बजे तक ही मिलेगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

परीक्षा की तैयारी को लेकर समीक्षा भवन, भागलपुर में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी केंद्र अधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आयोग द्वारा जारी सभी नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूर्णतः स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संपन्न हो।

सभी परीक्षार्थियों की परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व अनिवार्य रूप से जांच (फ्रिसकिंग) की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग से पर्दे की व्यवस्था की जाएगी और उनकी जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही की जाएगी। परीक्षा केंद्र में किसी भी परीक्षार्थी, दंडाधिकारी या पर्यवेक्षक को कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

परीक्षा की निगरानी के लिए उड़न दस्ते, गश्ती दल एवं स्टैटिक दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर लगाए जाएंगे। प्रश्नपत्र की सील केंद्र अधीक्षक द्वारा परीक्षार्थी और दंडाधिकारी की उपस्थिति में ही खोली जाएगी तथा उत्तर पुस्तिका की पैकिंग भी उनके सामने ही की जाएगी।

परीक्षा के दिन सभी केंद्रों के 500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। जिलाधिकारी ने परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समय पर ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहें और कड़ी निगरानी रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) महेश्वर प्रसाद सिंह, वरीय उपसमाहर्ता मिथिलेश प्रसाद सिंह, नगर पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार चौधरी, मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद अयूब सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: