



भागलपुर। दुर्गा पूजा को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था सोमवार से लागू होकर विसर्जन तक प्रभावी रहेगी।
यातायात डीएसपी आशीष कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि माणिक सरकार चौक से दुर्गाबाड़ी तक का रास्ता पूरी तरह से ब्लॉक रहेगा। इस मार्ग पर केवल श्रद्धालु पैदल होकर ही माता दुर्गा का दर्शन कर सकेंगे। शहर में भीड़ को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी प्रमुख पूजा पंडालों से कुछ दूरी पर पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक रूट का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी वसूला जाएगा।
उन्होंने सभी पूजा समितियों से अपील की कि वे पंडालों में तैनात पुलिस जवानों को पूरा सहयोग करें, ताकि पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके।














