



भागलपुर। जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अजवल नामक व्यक्ति के बेटे ने 26 वर्षीय लालटू दास की जमकर पिटाई कर दी।

घायल युवक के भाई ने बताया कि आरोपी के साथ ₹2500 का बकाया लेनदेन चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि पहले भी दोनों के बीच पैसों का लेनदेन होता रहा है, लेकिन इस बार कर्ज की राशि समय पर नहीं लौटाने पर आरोपी ने लालटू को जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडे से बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कहलगांव थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को स्थानीय रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल मायागंज अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

















