


भागलपुर में इन दिनों भूमिहीनों को भूमि दिलाने के नाम पर बिचौलियों की सक्रियता सामने आ रही है। आरोप है कि कचहरी परिसर में भूमिहीन महिलाओं से जमीन दिलाने के लिए आवेदन फॉर्म भरने के बहाने अवैध रूप से पैसे मांगे जा रहे हैं। इस वजह से गरीब और जरूरतमंद महिलाएं ठगी का शिकार हो रही हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें सही तरीके से नहीं मिल पा रहा है।
इस मामले को लेकर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शंकर गुप्ता ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार द्वारा भूमिहीनों को बसाने के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। इसके बावजूद कुछ सक्रिय बिचौलिये भोली-भाली महिलाओं को गुमराह कर जमीन दिलाने का झांसा देते हुए उनसे पैसे वसूल रहे हैं।
शंकर गुप्ता ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे बिचौलियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गरीबों का शोषण रोका जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उनके प्रयासों से कई भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराई गई है। हाल ही में, मात्र दो दिन पहले ही 17 भूमिहीन परिवारों को भूमि आवंटित कराई गई है।
उन्होंने कहा कि भूमिहीनों के हित में चल रही योजनाएं सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल हैं, जिसका उद्देश्य गरीबों को सम्मानजनक जीवन देना है। इस अवसर पर शंकर गुप्ता ने भूमिहीनों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा भागलपुर के जिलाधिकारी का धन्यवाद ज्ञापित किया।













