


भागलपुर : चालक दल के कल्याण और परिचालन दक्षता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, 18 जुलाई 2025 को मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता द्वारा भागलपुर रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित आधुनिक रनिंग रूम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मालदा मंडल के वरिष्ठ मंडल अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
यह नवनिर्मित रनिंग रूम चालक कर्मियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक विश्राम स्थल प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इसमें कुल 14 पूर्ण रूप से वातानुकूलित कमरे हैं, जिनमें दो-दो बिस्तरों के साथ कुल 28 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। महिलाओं की गोपनीयता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, दो समर्पित कमरे महिला चालक कर्मियों के लिए आरक्षित किए गए हैं।
रनिंग रूम में कई आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें व्यक्तिगत रीडिंग लैंप, इनबिल्ट मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट्स, रिमोट-नियंत्रित सीलिंग फैन, चप्पलें, ड्रेसिंग टेबल और एक कॉमन डाइनिंग रूम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, एक समर्पित रिसेप्शन क्षेत्र, दो केंट आरओ वाटर प्यूरीफायर, वाटर चिलर, सभी बाथरूम में गीजर, भारतीय और पश्चिमी शैली के शौचालय, 24×7 विद्युत आपूर्ति बैकअप और अग्निशमन यंत्र जैसी सुविधाएं भी प्रदान की गई हैं।
यह उन्नत रनिंग रूम पूर्व रेलवे की अपने अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने, उनके आराम, सुरक्षा और परिचालन तत्परता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है ।















