


खेल के विस्तार एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए मिली अहम जिम्मेदारी
नवगछिया । बॉल बैडमिंटन फेडरेशन ऑफ एशिया ने भूटान में बॉल बैडमिंटन खेल के विकास, संगठन निर्माण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन के लिए भारतीय प्रतिनिधियों की नियुक्ति की है। भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के संयुक्त सचिव एवं भारतीय महिला बॉल बैडमिंटन टीम के प्रशिक्षक गौरी शंकर को कार्यक्रम का संयोजक तथा बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के संयुक्त सचिव रंजन कुमार गुप्ता को सह-संयोजक नामित किया गया है।
फेडरेशन ऑफ एशिया के अध्यक्ष वाई. राजा राव ने बताया कि भूटान में 14 से 17 जून तक बॉल बैडमिंटन खेल के विकास को लेकर कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को खेल की तकनीकी जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने पत्र के माध्यम से जानकारी दी कि वर्ष 2026 के अंत अथवा 2027 के प्रारंभ में एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग) आयोजित की जानी प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर सदस्य देशों में खेल के विकास और खिलाड़ियों की तैयारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
भूटान के सैमड्रप झोंखर एवं फूंसटलिंग में आयोजित होने वाली कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए गौरी शंकर और रंजन कुमार गुप्ता 13 जून को पटना से रवाना होंगे।
इस संबंध में जानकारी बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने दी।
















