


नवगछिया।
बिहार दिवस के अवसर पर नवगछिया अनुमंडल प्रशासन द्वारा आयोजित त्रि-दिवसीय कार्यक्रम का आज भव्य समापन हो गया। इस समारोह का विधिवत उद्घाटन 22 मार्च को अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम एवं कार्यपालक दंडाधिकारी सुधीर कुमार द्वारा किया गया था।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में नवगछिया के कुल 12 विद्यालयों ने भाग लिया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने रंगारंग एवं आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बाल भारती विद्यालय, नवगछिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बाल भारती विद्यालय की ओर से दो मनमोहक नृत्य, बिहार की लोक गाथा तथा गुरु वंदना की प्रस्तुति दी गई। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। नृत्य कार्यक्रम में खुशी कुमारी, आराध्या चौधरी, फिजा आरुषि, रिया राज, अनुप्रिया, पीहू चिरानिया, परी रानी, अनु, ज्योति कुमारी सहित लगभग 30 छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रशासक डी.पी. सिंह ने अनुमंडल प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम, कार्यपालक दंडाधिकारी सुधीर कुमार एवं पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मंच से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और वे एक-दूसरे से सीखते हैं।
विद्यालय के संगीत एवं नृत्य शिक्षक निभाष मोदी की विशेष भूमिका की भी सराहना की गई, जिनके मार्गदर्शन में छात्रों ने शानदार प्रस्तुति दी।
वहीं भाषण प्रतियोगिता में भी बाल भारती विद्यालय ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में जाह्नवी एवं शिवानी सुमन ने भाग लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के एनसीसी अधिकारी विकास पांडे, पुरुषोत्तम कुमार, शिक्षिका पूजा मिश्रा सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार सर्राफ, उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, सचिव अभय प्रकाश मुनका, संयुक्त सचिव प्रवीण कुमार केजरीवाल, सदस्य नरेश केडिया, बालकृष्ण पंसारी तथा प्राचार्य नवनीत सिंह ने सभी प्रतिभागियों एवं शिक्षक निभाष मोदी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।













