



नवगछिया। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 2025 के चुनाव को लेकर एनडीए ने मंगलवार से चुनाव प्रचार अभियान की विधिवत शुरूआत करने की घोषणा की है। क्षेत्रीय भाजपा विधायक इ. शैलेंद्र ने बताया कि मंगलवार को शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन भ्रमरपुर स्थित मां दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यह अभियान औपचारिक रूप से शुरू होगा।

भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, विस संयोजक दिनेश यादव और कुमार गौरव ने बताया कि चुनाव अभियान टीम में महिला और युवाओं की विशेष टीम शामिल होगी, जो हर घर और जनता के दरवाजे पर दस्तक देकर केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करेगी। इन योजनाओं में वृद्ध, विधवा और दिव्यांगों के लिए सेवाएं, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, स्नातक बेरोजगारों को हर माह एक हजार रुपये, उज्जवला गैस, आयुष्मान कार्ड, मुफ्त राशन, जीविका दीदी और विकास मित्र जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

चुनाव अभियान का कार्यक्रम इस प्रकार निर्धारित किया गया है – 23 सितंबर को भ्रमरपुर, 24 सितंबर को जयरामपुर, 25 सितंबर को तुलसीपुर, 26 सितंबर को लत्तीपुर दक्षिण, 27 और 28 सितंबर को बिहपुर दक्षिण तथा 29 सितंबर को औलियाबाद में महिला और युवाओं की टीम हर घर दस्तक देगी। इस अभियान के माध्यम से एनडीए का उद्देश्य आमजन तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उनसे संवाद करना है।















