



बिहपुर। शारदीय नवरात्र के महाष्टमी से दशमी तक होने वाली मातारानी की संध्या महाआरती का शुभारंभ मंगलवार से बिहपुर रेलवे इंजीनियरिंग दुर्गास्थान मंदिर में हुआ। विदित हो कि इस मंदिर में मां दुर्गा की पूजा वैदिक तथा बंगला मतानुसार की जाती है।
संध्या महाआरती के दौरान श्रद्धालु भक्तों ने बंग्ला ढाक की धुन पर थिरकते हुए दोनों हाथों में धूपहरी लिए मां की आरती उतारी। इस अवसर पर पूर्व मध्य रेलवे थाना बिहपुर के कई अधिकारी और कर्मचारी अपने परिवार के साथ उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग भी महाआरती में शामिल हुए।

आरती के दौरान कई श्रद्धालुओं ने नंगे हाथों पर कर्पूर जलाकर, अग्नि पर चलकर तथा कांच पर लेटकर मां की भक्ति में अपनी आस्था व्यक्त की। महाआरती की व्यवस्था में पंचायत समिति सदस्य अमन आनंद, अशोक दास, रंजीत सिंह, ज्ञानदेव, सूरज, अंशु, अंकित, घनश्याम, चिकू, राकेश, उत्तम, आशीष, बालाजी, राहुल, सानू, रवि राहुल, सागर, रोशन, करण, आदित्य राज और अभिषेक सहित कई युवाओं की अहम भूमिका रही।

इस वर्ष विशेष रूप से कई महिलाओं और बच्चियों ने भी माता की संध्या महाआरती में भाग लेकर इसे और अधिक भव्य बना दिया। महाआरती को देखने के लिए न केवल बिहपुर बल्कि पूरे नवगछिया अनुमंडल से भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जिसमें महिलाओं की उपस्थिति सबसे अधिक रही।

















