



भागलपुर। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर भागलपुर के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत, नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि चुनाव से संबंधित सभी कार्यों की तैयारी शीघ्र प्रारंभ की जाए। उन्होंने चुनाव कर्मियों, पुलिस बल तथा भूतपूर्व सैनिकों के अद्यतन डाटा संग्रहण का निर्देश दिया। कहलगांव अनुमंडल पदाधिकारी को डिस्पैच सेंटर चयनित करने को कहा गया, जबकि नवगछिया, नाथनगर एवं जगदीशपुर के लिए पूर्व से ही डिस्पैच सेंटर चिन्हित हैं। सुल्तानगंज में भी नया डिस्पैच सेंटर बनाया जाएगा।
जिला परिवहन पदाधिकारी को चुनावी ड्यूटी के लिए आवश्यक वाहनों की सूची तैयार करने तथा पर्याप्त संख्या में वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। विधानसभा चुनाव के दौरान पारा मिलिट्री फोर्स की तैनाती को ध्यान में रखते हुए वाहन संख्या बढ़ाने की आवश्यकता जताई गई।
सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर विधि व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा गया। चेक पोस्ट और मोबाइल चेक पोस्ट के संचालन हेतु एसआईटी के गठन की बात कही गई।
लंबित वारंटों के निष्पादन, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित लंबित मामलों, और बीएनएस की धारा 126, 129, 135 के अंतर्गत बॉन्ड डाउन की कार्रवाई शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केवल वास्तविक अपराधियों से ही बॉन्ड डाउन की कार्रवाई की जाए। कुख्यात अपराधियों के विरुद्ध सीसीए-12 और सीसीए-3 के अंतर्गत कार्रवाई हेतु थानों से प्रस्ताव मांगे गए हैं।

सामान्य शाखा को भागलपुर जिले के शस्त्र अनुज्ञप्तियों का सत्यापन, शस्त्र दुकानों की जांच तथा संबंधित मामलों के निष्पादन के निर्देश दिए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शस्त्र दुकानों में उपलब्ध गोला-बारूद की भी जांच होनी चाहिए और जमा, जप्त तथा रद्द शस्त्रों की सूची भी तैयार की जाए।
जिलाधिकारी ने जप्त शराब के विनष्टीकरण, विधानसभा वार सेक्टर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तथा प्रत्येक विधानसभा के लिए दो-दो आरक्षित पदाधिकारियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। फ्लाइंग स्क्वॉड और स्टैटिक सर्विलांस टीम का गठन, क्रिटिकल एवं वल्नरेबल बूथों की मैपिंग तथा पिछले 10 वर्षों की घटनाओं के आधार पर बूथों का वर्गीकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
मोटरसाइकिल गश्ती और विधानसभा स्तर पर हेलीपैड निर्माण की योजना पर भी चर्चा हुई। विस्फोटक खोजने वाले चिन्हित दलों को प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था के लिए कहा गया।
मतदाता सूची के अद्यतन को लेकर निर्देश दिए गए कि 18-19 वर्ष के सभी योग्य मतदाताओं का नाम जोड़ा जाए और मृतकों के नाम हटाए जाएं। संभावित प्रत्याशियों का नाम गलती से मतदाता सूची से विलोपित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बीएलओ की रिक्तियों को भरने तथा बीएलओ एप पर 100 प्रतिशत डेटा अपलोड सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी कर्मियों को पहचान पत्र प्रदान किए जाने की बात कही गई। साथ ही स्वीप (SVEEP) प्लान हर विधानसभा क्षेत्र के लिए तैयार करने का निर्देश दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बैठक में कहा कि कोई भी रिपोर्ट बिना स्थल निरीक्षण के हस्ताक्षरित न हो। पुलिस व प्रशासन के बीच तालमेल बना रहना चाहिए ताकि किसी भी अनियंत्रित स्थिति पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने भी पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।














