


शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों की दी गई विस्तृत जानकारी
नवगछिया : उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, भवानीपुर टोला में शनिवार को छात्र-छात्राओं के भविष्य निर्माण को लेकर एक विशेष कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा रोजगार के विभिन्न अवसरों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सतीश चंद्र तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने वाले विद्यार्थियों को सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप कैरियर का चयन करने की सलाह देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरिशचंद्र रजक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों तथा कौशल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही उन्हें समय प्रबंधन, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के महत्व से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने कैरियर और भविष्य से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों एवं शिक्षकों ने विस्तार से उत्तर दिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, रोजगार के अवसरों तथा उच्च शिक्षा से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं।
इस अवसर पर विद्यालय के नोडल शिक्षक सुभाष कुमार सिंह सहित शिक्षक कुमार गौरव, सोनू कुमार, तनीषा प्रिया, किरण कुमार सिंह, पुरुषोत्तम कुमार, रवि कुमार, मंसूर आलम, अमरजीत कुमार यादव, नंदकिशोर यादव, नम्रता कुमारी, रूपम भारती, कंचन कुमार पोद्दार एवं दीपक कुमार समेत विद्यालय के कई शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की मांग की। विद्यालय प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास और बेहतर भविष्य निर्माण के लिए आगे भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
















