5
(2)

नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र के खैरपुर गांव निवासी एक पशुपालक की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पशुपालक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

मृतक की पहचान खैरपुर निवासी त्रिवेणी यादव के 50 वर्षीय पुत्र सुधीर यादव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुधीर यादव मंगलवार को खैरपुर दियारा क्षेत्र में अपने मवेशियों को चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी, बारिश तथा ओलावृष्टि शुरू हो गई। खराब मौसम के बीच वह वज्रपात की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। दियारा क्षेत्र में होने के कारण परिजन नाव के माध्यम से घटनास्थल पर पहुंचे और शव को गांव लाया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। मंगलवार देर रात अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही थी ।

मृतक सुधीर यादव मुख्य रूप से पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मवेशी पालन ही उनकी आजीविका का प्रमुख साधन था। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि सुधीर यादव मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। वह वर्षों से पशुपालन का कार्य कर अपने परिवार की जीविका चला रहे थे। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

इधर, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को आपदा राहत मद से मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा में हुई इस मौत के बाद पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जानी चाहिए।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: