



नवगछिया। बिहपुर रेलवे स्टेशन पर एक नॉन-स्टॉप ट्रेन से उतरने के प्रयास में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान मधुरापुर निवासी अमेश शर्मा की पत्नी मीरा देवी के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब ट्रेन बिहपुर स्टेशन पर बिना रुके धीमी गति से गुजर रही थी। इसी दौरान मीरा देवी ने उतरने का प्रयास किया और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गईं। उनके साथ उनकी पुत्री भी ट्रेन से कूद गई, हालांकि पुत्री को हल्की चोटें आईं और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
दुर्घटना में मीरा देवी के मुंह और सिर से काफी खून बहने लगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों और रेलकर्मियों की सहायता से घायल महिला को तत्काल बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, मीरा देवी की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यात्रियों से अपील की है कि नॉन-स्टॉप ट्रेनों से उतरने या चढ़ने का प्रयास न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है।
















