



भागलपुर। मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र से शनिवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुराने विवाद को लेकर अजय यादव और उसके सहयोगी फंटूश यादव ने रंजो देवी पर गोली चला दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के संबंध में पीड़िता के पुत्र दिलखुश कुमार ने बताया कि वे शाम के समय मवेशियों के लिए घास काटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अजय यादव ने उन पर गोली चलाई। खुद को बचाने के लिए जब वे भागे तो आरोपित ने अपने साथी के साथ मिलकर उनकी मां रंजो देवी को भी निशाना बना लिया और गोली मार दी।

गोली लगने से रंजो देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।














