



भागलपुर के मायागंज अस्पताल में बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव से एक ही परिवार के चार लोग घायल अवस्था में भर्ती हुए हैं। घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया, जहां महज 6 साल के बच्चे द्वारा दुकान से चॉकलेट चोरी करने पर दुकानदार और उसके सहयोगियों ने पूरे परिवार को बेरहमी से पीट दिया।
घटना के अनुसार, मोहनपुर गांव निवासी टुनटुन मंडल की दुकान से एक मासूम बच्चे ने गलती से चॉकलेट चोरी कर ली। दुकानदार ने बच्चे को रंगे हाथ पकड़ लिया। जब उसकी मां नीतू देवी बच्चे को छुड़ाने पहुंची तो टुनटुन मंडल और भूदेव मंडल उर्फ भूतों मंडल ने उनके साथ हाथापाई की और गहने छीन लिए।

नीतू देवी के चिल्लाने पर उनके ससुर लखन मंडल बचाने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी पीट दिया। इसके बाद उनके पति नवीन कुमार मंडल और सास राधा देवी भी बचाव के लिए पहुंचे, जिन्हें भी दौड़ा-दौड़ाकर लहूलुहान कर दिया गया।
घटना में घायल सभी लोगों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिजनों ने बताया कि हमलावरों के साथ पहले से जमीन विवाद चल रहा था और चॉकलेट चोरी का बहाना बनाकर उन पर हमला किया गया।
हमले में टुनटुन मंडल, भूदेव मंडल, मनोज मंडल, मंटू मंडल और मनोज मंडल की पत्नी शामिल थीं। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से हमलावरों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।















