



भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र स्थित कचहरी चौक के पास दिनदहाड़े एक नवयुवक द्वारा स्कूटी चोरी करने का प्रयास किया गया। युवक नशे की हालत में स्कूटी को धक्का देकर ले जा रहा था। तभी स्कूटी मालिक नीतीश कुमार की नज़र उस पर पड़ गई और उन्होंने तुरंत युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया।

इसी दौरान मौके से गुजर रहे ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार भी रुक गए। उन्होंने स्थिति को समझते हुए जोगसर थाना पुलिस को घटनास्थल पर बुलाया और पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।

स्कूटी मालिक नीतीश कुमार ने बताया कि वह दवाई लेने मेडिकल स्टोर पर गए थे। दवाई लेकर बाहर आए ही थे कि करीब पाँच मिनट के अंदर उन्होंने देखा कि एक युवक उनकी स्कूटी को धक्का देकर ले जाने की कोशिश कर रहा है। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत उसे पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में भागलपुर में सूखे नशे की लत के कारण कई युवा आपराधिक घटनाओं में संलिप्त होते जा रहे हैं, जिससे शहर में चोरी की घटनाएँ बढ़ी हैं।















